सारंगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं जिला कांग्रेस कमेटी सारंगढ़-बिलाईगढ़ के आह्वान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बलिदान दिवस के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सारंगढ़ द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।

बापू को दी श्रद्धांजलि-
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के तैलचित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े, पूर्व विधायक पदमा घनश्याम मनहर, पूर्व जिला अध्यक्ष अरुण मालाकार, सरिता गोपाल, मंजूलता आनंद, संजय दुबे, सूरज तिवारी, अजय बंजारे, रामनाथ सिदार, राकेश पटेल, एवं जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज सहित कांग्रेस नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।
भारत माता चौक में शांतिपूर्ण धरना-
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात भारत माता चौक में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा पर किसानों-मजदूरों की अनदेखी का आरोप-
धरना को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ने कहा कि भाजपा शासन किसानों और मजदूरों के हितों की लगातार अनदेखी कर रहा है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार द्वारा बदले गए मनरेगा योजना के नाम को यथावत रखा जाए। उन्होंने कहा कि जी-राम-जी कोई योजना नहीं, बल्कि भाजपा का भ्रामक प्रचार है।
मनरेगा को कमजोर करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं-
मंच से रामनाथ सिदार और राकेश पटेल ने भी संबोधित किया। राकेश पटेल ने कहा कि मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना से ग्रामीण मजदूरों और किसानों को सीधा लाभ मिलता है। इसे कमजोर करने का कोई भी प्रयास कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।
जी-राम-जी कानून से मनरेगा पर प्रहार-
जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को महात्मा गांधी, गरीबों और दलितों से नफरत है। इसी कारण दबे पांव मनरेगा कानून में बदलाव कर जी-राम-जी नामक नया कानून लाया गया है। उन्होंने कहा कि इससे गांवों को अपनी जरूरत के अनुसार काम तय करने का अधिकार समाप्त हो जाएगा और मजदूरों को मिलने वाली 100 दिन रोजगार की गारंटी भी खत्म हो रही है। यह देश की रीढ़ बन चुकी मनरेगा योजना पर सीधा प्रहार है।
गरीब-मजदूरों के हक की लड़ाई जारी-
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी गरीबों और मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ मनरेगा कानून को बचाने के लिए हर संभव संघर्ष करती रहेगी।
भारी संख्या में कार्यकर्ता, पुलिस व्यवस्था रही मुस्तैद
कार्यक्रम में भारत माता चौक पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सारंगढ़ पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरी सफलता प्राप्त की गई।
- वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी संस्कृति और सेवा का महत्वपूर्ण संकल्प : संजय भूषण पाण्डेय - October 1, 2026
- ASI भगवती प्रसाद कुर्रे की बेदाग गवाही ने अदालत में बढ़ाया पुलिस का मान… - October 1, 2026
- एसपी के नेतृत्व में नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार, 103 किलो गांजा जब्त 8 आरोपी गिरफ्तार… - October 1, 2026
