रायगढ़: बाइक पर ले जा रहे थे ‘लोहे का एंगल’ साइकिल सवार के सीने पर घुसा, दर्दनाक मौत…पुलिस ने दर्ज किया अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस…
चक्रधरनगर थानाक्षेत्र में जामगांव कुकुर्दा नवापारा चौक पर हादसे में एक साइकिल सवार की मौत हो गई। दुर्घटना अजीबोगरीब तरीके से हुई। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
थाने में मृतक के चचेरे भाई ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उसका भाई दिलेश्वर बरेठ अपने साथी सौदागर राठिया के साथ बुधवार शाम लगभग 5.30 बजे घूमने के लिए साइकिल लेकर निकले थे। ये दोनों खेती करते थे। कुकुर्दा के नजदीक एमएसपी की तरफ से एक बाइक आ रही थी। उसमें पीछे बैठे हुए शख्स ने लोहे का लंबा एंगल पकड़ा हुआ था।
एंगल साइकिल चला रहे दिलेश्वर के सीने पर जा लगा। बाइक की रफ्तार तेज थी। हादसे में सीने में गंभीर चोट के कारण दिलेश्वर वहीं गिर पड़ा। उसका साथी सौदागर उसे उठाने लगा, इस बीच बाइक सवार मौके से फरार हो गए। आसपास में मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत एमएसपी के स्टाफ को सूचित कर एम्बुलेंस बुलवाई। दिलेश्वर को रायगढ़ ला रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
