रायगढ़। झमाझम बारिश के बीच बेकाबू भारी वाहन और एक्टिवा भिड़ने से पौधे वितरित कर लौट रहे वन कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसका साथी जख्मी है। बेलगाम रफ्तार के कहर का यह मामला शहर के कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है। घटना की विवेचना कर रहे सहायक उपनिरीक्षक शिव सिंह बक्साल ने बताया कि बीते 25 जुलाई की देर रात तकरीबन 11 बजे समीपस्थ जोरापाली में काले रंग की एक्टिवा (क्रमांक सीजी 13 जे 1660) को बरसात के दौरान पीछे की तरफ से आ रहा भारी वाहन ठोकते हुए भाग निकला।

हादसे में एक्टिवा सवार युवक की घटना स्थल में ही मौत हो गई तो उसके साथी को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। हालांकि, सघन उपचार के बाद घायल की हालत में सुधार जरूर है, फिर भी वह खतरे के दायरे से बाहर नहीं है। काफी माथापच्ची के बाद दोनों की शिनाख्त हुई।
दरअसल, स्थानीय अतरमुड़ा स्थित जिला पंचायत कार्यालय के पीछे रहने वाला मनीष श्रीवास्तव आत्मज दीपक श्रीवास्तव (26 वर्ष) वन विभाग में काम करता था। विगत सोमवार शाम मनीष अपने साथी संतराम निषाद के साथ खरसिया तरफ पौधे बांटने निकला था। रात को दोनों युवक जब रायगढ़ वापस आ रहे थे तो जमकर बरसात हो रही थी। ऐसे में भारी वाहन की गिरफ्त में वे आ गए।
फिलहाल, मृतक और घायल की पहचान होने के बाद कोतरा रोड पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेजों को भी खंगाला, मगर बारिश के समय दुर्घटना होने के कारण भारी वाहन का नंबर क्लियर नहीं दिख रहा। बहरहाल, कोतरा रोड पुलिस अब अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भादंवि की धारा 279 , 337 , 304 ए के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
- छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान, दशहरा-दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें तय… - September 21, 2026
- सारंगढ़ में ट्रक रोककर लूट की वारदात का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार…विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा… - September 21, 2026
- सारंगढ़ की खेल प्रतिभा का जलवा, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में 14 पदक… - September 21, 2026
