सारंगढ़। थाना सरसींवा पुलिस ने ट्रक रोककर चालक से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजशांति प्रकाश बिके ट्रक क्रमांक MH 33 T 7010 में 18 सितंबर को ओडिशा के बरगढ़ से कोल्डड्रिंक लोड कर बिलासपुर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 2:30 बजे शासकीय अस्पताल गाताडीह के सामने चार मोटरसाइकिलों में सवार आरोपियों ने ट्रक पर पत्थर मारकर उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद ट्रक को रोककर चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा उसका मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्डड्रिंक की पेटियां लूट ली गईं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सरसींवा में अपराध क्रमांक 246/2026, धारा 310(2), 126(2), 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और सूचना तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने सुनसान सड़क पर दूसरे राज्य की गाड़ियों को निशाना बनाकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिलें, लूटा गया मोबाइल, गैस चूल्हा और कोल्डड्रिंक की पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यशस्वी साहू उर्फ बंटी (सरसींवा), यशवंत साहू उर्फ सोनू (सोहागपुर), देवेंद्र साहू उर्फ नानू (मोहतरा), पुष्पेंद्र चौहान (चिचोली), शशांक रात्रे उर्फ राजा (जोगेसरा), छोटेलाल साहू (मोहतरा) और मुकेश कुर्रे (तिलाईपाली) शामिल हैं। इनके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।


- छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान, दशहरा-दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें तय… - September 21, 2026
- सारंगढ़ में ट्रक रोककर लूट की वारदात का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार…विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा… - September 21, 2026
- सारंगढ़ की खेल प्रतिभा का जलवा, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में 14 पदक… - September 21, 2026
