सारंगढ़। पेंड्रावन में आंगनवाड़ी भवन एवं महतारी सदन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, जनपद सीईओ, सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सोच है कि नारी सशक्त होगी तो परिवार, समाज और प्रदेश सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि एक नारी शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। महिलाओं की शिक्षा के साथ उनकी आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए एनआरएलएम के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को प्रशिक्षण एवं आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है, ताकि वे अपने हुनर को रोजगार और सफल उद्यम में बदल सकें। उन्होंने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के प्रशिक्षण, बैठक, संवाद तथा रोजगार-स्वरोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार साबित होगा। यहां महिलाएं व्यवसाय, आजीविका एवं विभिन्न गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण महिलाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। महतारी सदन के शुरू होने से क्षेत्र की महिलाओं को एक साथ बैठकर प्रशिक्षण लेने, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और स्वरोजगार के नए अवसरों पर चर्चा करने के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध हुआ है।


- छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान, दशहरा-दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें तय… - September 21, 2026
- सारंगढ़ में ट्रक रोककर लूट की वारदात का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार…विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा… - September 21, 2026
- सारंगढ़ की खेल प्रतिभा का जलवा, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में 14 पदक… - September 21, 2026
