रायगढ़। मां के अंतिम संस्कार के लिए पति के साथ बाईक में मायके जा रही महिला को बेकाबू ट्रेलर ने इस कदर ठोका कि उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका पति जख्मी हो गया। बेलगाम रफ्तार का यह कहर पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। घरघोड़ा के ग्राम भालूमार निवासी लिंगराज मालाकार की सास का बीते गुरुवार निधन हो गया, इसलिए वह अपनी 47 वर्षीया पत्नी लीलावती को टीवीएस एक्सल मोटर सायकिल (क्रमांक -सीजी 13 यू 7458 ) में बैठाकर अंतिम संस्कार के लिए ग्राम कोसमन्दा स्थित ससुराल जाने निकला था। भालूमार से रवाना हुए मालाकार दम्पत्ति शाम लगभग 5 बजे गेरवानी पहुंचे थे।

इस दौरान अपेक्षाकृत तेज और लापरवाही पूर्वक रफ्तार से ट्रेलर चला रहे चालक ने पीछे से उन्हें ठोक दिया। भारी वाहन की अप्रत्याशित टक्कर लगते ही सन्तुलन बिगड़ने पर बाईक समेत मियां – बीवी गिर गए। इस हादसे में लीलावती के सिर – हाथ तथा लिंगराज के हाथ मे चोट आने पर राहगीरों ने 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना दी तो एम्बुलेंस से दोनों को घरघोड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चूंकि, लीलावती के शरीर के अंदरूनी भागों में भी गंभीर चोटें थी, इसलिए इलाज के दौरान उसकी सांसों की लड़ियां टूटकर बिखर गई। मृतिका के घायल पति लिंगराज की रिपोर्ट पर पूंजीपथरा पुलिस अब भादंवि की धारा 279, 337, 304 ए के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करते हुए आरोपी ट्रेलर चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

