रायगढ़, 28 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। छाल थाना क्षेत्र के ग्राम हाटी स्थित मितान ढाबा और समीप के गैरेज में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया मोबाइल, दो प्रेसर जैक तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को मितान ढाबा संचालक भागीरथी साहू ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई कि रात के समय उनके ढाबे के बिल काउंटर से वीवो वाय-12 मोबाइल चोरी हो गया। वहीं पास के गैरेज संचालक अशरफ अली ने भी अपने गैरेज से दो प्रेसर जैक चोरी होने की सूचना दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक रात करीब 2:15 बजे पहले ढाबे से मोबाइल और फिर गैरेज से दो प्रेसर जैक मोटरसाइकिल में ले जाते हुए दिखाई दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹17 हजार आंकी गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कुडेकेला निवासी महेश दास महंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए दोनों प्रेसर जैक, एंड्रॉयड मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी महेश दास महंत (32 वर्ष) को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरे मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्रिय तथा आरक्षक भगवती लक्ष्मे की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्रवाई की सराहना करते हुए आमजन से अपील की है कि अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें, कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।





