रायगढ़, 27 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने महिला संबंधी अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को मामला दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में संचालित ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई कर महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
महिला थाना रायगढ़ में 26 जुलाई 2026 को 24 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि चक्रधरनगर क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी पहचान चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू से हुई थी। आरोपी ने प्रेम संबंध बनाकर उससे शादी करने का वादा किया और विश्वास में लेकर उसके साथ रहने लगा। पीड़िता के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक आरोपी ने विवाह का झांसा देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब 21 जुलाई को पीड़िता ने शादी की बात की तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए, आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण कराया तथा आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू (35 वर्ष), पिता नरेन्द्र कुमार बारिक, मूल निवासी ग्राम जगन्नाथ प्रसाद नवासाही, थाना भंडारी पोखरी, जिला भद्रक (ओडिशा) का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायगढ़ के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित टीधी टावर, अंकुर हॉस्पिटल के सामने तपन घोष के किराए के मकान में रह रहा था।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव तथा आरक्षक हेमंत एक्का की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के आगे आएं और पुलिस को सूचना दें। रायगढ़ पुलिस ‘अभियान संवेदना’ के माध्यम से महिला संबंधी अपराधों में त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
