सारंगढ़। महिला स्व-सहायता समूहों को उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सार-बिला सी-मार्ट’ का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय एवं जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने फीता काटकर सी-मार्ट का विधिवत उद्घाटन किया।
शुभारंभ के अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सी-मार्ट में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आजीविका को मजबूत कर रही हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार कर रही हैं।
सी-मार्ट में महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इनमें पापड़, बड़ी, अचार, मसाले, देसी घी, ब्रेड, टेडी बियर, थालपोश, दीपक और रुई-बाती सहित कई उपयोगी एवं घरेलू उत्पाद शामिल हैं। इन उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के माध्यम से समूहों को अपने हुनर और मेहनत का बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों को सीधे बाजार से जोड़ना है, ताकि उन्हें अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बिचौलियों पर निर्भर न रहना पड़े। सी-मार्ट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को एक व्यवस्थित विपणन मंच मिलेगा, जिससे उनकी पहचान बढ़ेगी और बिक्री की संभावनाएं मजबूत होंगी। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए यह पहल महिला समूहों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो सकती है। त्योहार के दौरान दीपक, रुई-बाती और अन्य घरेलू एवं खाद्य उत्पादों की मांग बढ़ने से समूहों को अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा। स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों की बिक्री बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने वाली यह पहल स्थानीय हुनर, स्वदेशी उत्पादों और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में ‘सार-बिला सी-मार्ट’ के संचालन से महिला स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों की पहचान स्थापित करने, बाजार तक पहुंच बनाने और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का नया मंच मिला है।
- चिरायु योजना से बदली सूर्या की जिंदगी, अब दौड़ने-खेलने लगा मासूम… - October 15, 2026
- 79 की उम्र में भी नहीं भूले अपना स्कूल, पूर्व छात्र ने भेंट किया लैपटॉप… - October 15, 2026
- सारंगढ़ में सुनियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए भवन आवंटित… - October 15, 2026
