सारंगढ़। बारिश थमते ही सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, संधारण और लंबित निर्माण कार्यों में तेजी आ गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा प्रदेश में सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर 15 अक्टूबर से मरम्मत एवं रुके हुए निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश के अनुरूप जिला प्रशासन ने सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी है। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के सख्त निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने जिले की चिन्हांकित सड़कों पर मरम्मत एवं संधारण कार्य प्रारंभ कर दिया है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए थे। समय-सीमा की बैठक में उन्होंने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया था कि खराब सड़कों के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए 15 अक्टूबर से चिन्हांकित सड़कों पर मरम्मत, संधारण तथा बारिश के कारण बाधित निर्माण कार्यों को तेजी से शुरू कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए थे।
लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के बरमकेला-सोहेला मार्ग, सरिया-भठली मार्ग, सरसीवां-बलपुर-कोसीर मार्ग, सरसीवां-सरायपाली मार्ग, अचानकपाली मार्ग तथा बरभाठा-कलमी-परसकोल मार्ग सहित विभिन्न चिन्हांकित सड़कों पर मरम्मत एवं संधारण कार्य शुरू कर दिए गए हैं। विभाग द्वारा सड़क सुधार कार्यों में आवश्यक मशीनरी, हाइवा, ट्रैक्टर एवं अन्य संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है, ताकि क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द से जल्द आवागमन के अनुकूल बनाया जा सके।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सड़क मरम्मत एवं संधारण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों तथा अधिक यातायात वाले मार्गों की स्थिति सुधारने पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में मरम्मत पूरी करने पर जोर दिया है।
जिला प्रशासन की इस पहल से बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति में सुधार आने और ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों सहित आम नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही जिले में सड़क संपर्क मजबूत होने के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
- चिरायु योजना से बदली सूर्या की जिंदगी, अब दौड़ने-खेलने लगा मासूम… - October 15, 2026
- 79 की उम्र में भी नहीं भूले अपना स्कूल, पूर्व छात्र ने भेंट किया लैपटॉप… - October 15, 2026
- सारंगढ़ में सुनियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए भवन आवंटित… - October 15, 2026
