सारंगढ़-बिलाईगढ़:
जिले के देवसागर ग्राम पंचायत अंतर्गत आने वाले आश्रित गांव दुल्हापुर में एक ग्राम पंचायत पंच का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के किनारे बरामद किया गया है। मृतक की पहचान दुल्हापुर निवासी पंच शत्रुघ्न नारंग के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है।
खेत में सिंचाई के दौरान विवाद का आरोप-
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शत्रुघ्न नारंग देर रात अपने खेत में सिंचाई के लिए नाले की तरफ गए थे। बताया जा रहा है कि वहां किसी बात को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद की स्थिति बनी।
देवसागर के सरपंच प्रतिनिधि उमाशंकर साहू के अनुसार, देर रात गांव के कुछ युवक पहुंचे थे जिन्होंने विवाद और मारपीट की बात कही। इसके बाद स्थानीय स्तर पर 112 एवं पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर जाकर देखने पर पंच शत्रुघ्न नारंग का शव नाले के पास मिला। मृतक के शरीर और गले पर चोट के निशान पाए जाने की बात सामने आ रही है, जिसके आधार पर परिजनों और ग्रामीणों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल, एसडीओपी बिलाईगढ़ और बेलादुला चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही फॉरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
एएसपी धीरेंद्र पटेल ने बताया कि रात में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची जहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए अपनी निगरानी में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत विवेचना के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों व पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
- सारंगढ़ : नाले के पास संदिग्ध अवस्था में मिला पंच का शव..परिजनों व ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका.. - October 15, 2026
- फर्सवानी बना अवैध शराब का गढ़…बेखौफ माफियाओं की धमकियों से दहला गांव..पंचायत की महिलाओं ने एसपी’ की चौखट पर लगाई गुहार.. - October 15, 2026
- सांस्कृतिक उत्सव के नाम पर अव्यावहारिक फरमान..बिलाईगढ़ की ‘विनायक अकादमी’ के निर्देश से पालकों की बढ़ी परेशानी…प्रशासन एवं DEO से हस्तक्षेप की मांग.. - October 15, 2026
