सारंगढ़। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला अध्यक्ष रतन शर्मा ने जीएसटी सुधारों और व्यापारियों के हित में सकारात्मक पहल के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। राष्ट्रीय जीएसटी लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिलने पर उन्होंने बधाई देते हुए इसे प्रदेश के व्यापारिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
रतन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण समिति में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों को प्रभावी ढंग से उठाने का अवसर मिलेगा। इससे जीएसटी व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार अनुकूल बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं को आसान बनाना आज समय की आवश्यकता है। समय पर रिफंड, इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) से संबंधित समस्याओं का समाधान और पंजीयन प्रक्रिया का सरलीकरण होने से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को राहत मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और कारोबार के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
शर्मा ने कैट के राष्ट्रीय वाइस चेयरमैन अमर पारवानी के नेतृत्व में प्रदेश के 12 लाख व्यापारियों के हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कैट सरकार और व्यापारियों के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित करने तथा व्यापार जगत की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय जीएसटी लॉ कमेटी में छत्तीसगढ़ की भागीदारी से प्रदेश के व्यापारियों की मांगों और समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से रखने में मदद मिलेगी।
- विश्वमानसिक स्वा. दिवस – स्वस्थ मन तो स्वस्थ तन - October 11, 2026
- बिलाईगढ़ में नवरात्रि की धूम, बाइक-स्कूटी समेत 13 आकर्षक इनामों का लकी ड्रॉ… - October 11, 2026
- शिक्षक के सूने मकान में चोरी, नकदी-जेवर पार… - October 11, 2026
