सारंगढ़। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में मणिपुर के कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने प्रदेश स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव कर मामले में विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटी ग्राउंड में दोपहर एक बजे धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। धरना समाप्त होने के बाद कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर कूच किया और कार्यालय का घेराव किया।
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक ओर देश में पितृसत्ता समाप्त करने और महिलाओं के अधिकारों की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी पार्टी के सांसद पर छात्राओं के साथ यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगे हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
प्रदर्शन में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा, ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, दक्षिण विधायक सुनील सोनी, प्रदेश संगठन महामंत्री यशवंत जैन, जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर तथा नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे। रायगढ़ से रेखा महमिया, सुषमा खलखो, जनपद पंचायत सदस्य शीतल नायक, प्रदीप तथा महामंत्री फुलेश्वरी पैंकरा सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।
भाजपा महिला मोर्चा ने इस प्रदर्शन के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की भागीदारी रही।
- विश्वमानसिक स्वा. दिवस – स्वस्थ मन तो स्वस्थ तन - October 11, 2026
- बिलाईगढ़ में नवरात्रि की धूम, बाइक-स्कूटी समेत 13 आकर्षक इनामों का लकी ड्रॉ… - October 11, 2026
- शिक्षक के सूने मकान में चोरी, नकदी-जेवर पार… - October 11, 2026
