सारंगढ़। शक्तिपीठ में आगामी 4 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के सफल आयोजन को लेकर तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में यज्ञ की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विस्तार से चर्चा कर विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया बहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महायज्ञ के संरक्षक एवं पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा उपस्थित रहे, वहीं क्षेत्रीय प्रतिनिधि डी.आर. चौहान ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर सरला कोसरिया बहन ने वर्ष 2010 में आयोजित महायज्ञ के अनुभव साझा करते हुए आयोजन के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा सभी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में यज्ञशाला निर्माण, आयोजन स्थल की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, भोजन, प्रसाद और पेयजल की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रचार-प्रसार तथा अतिथियों के स्वागत की रूपरेखा भी तैयार की गई।
महायज्ञ को सफल बनाने के लिए विभिन्न कार्यों की जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। साथ ही सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित परिजनों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने आयोजन को अनुशासित, भव्य और सफल बनाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ को लेकर तैयारियों में तेजी लाने और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
- विश्वमानसिक स्वा. दिवस – स्वस्थ मन तो स्वस्थ तन - October 11, 2026
- बिलाईगढ़ में नवरात्रि की धूम, बाइक-स्कूटी समेत 13 आकर्षक इनामों का लकी ड्रॉ… - October 11, 2026
- शिक्षक के सूने मकान में चोरी, नकदी-जेवर पार… - October 11, 2026
