सारंगढ़। नगर के अग्रसेन चौक में अग्र शिरोमणि श्री श्री 1008 महाराजा अग्रसेन जी की भव्य महाआरती का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। महाआरती में अग्र समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में शामिल होकर महाराजा अग्रसेन जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम की आयोजन प्रभारी अग्रवाल महिला सभा रही। आयोजन समिति के निर्देश पर मारवाड़ी युवा मंच के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अग्रसेन सेवा संघ के अध्यक्ष दिनेश धनानिया एवं अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संतोष अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
महाआरती के दौरान अग्रसेन भवन में बसंत अग्रवाल ने सुमधुर स्वर में आरती का गायन किया। उनके साथ उपस्थित अग्र बंधुओं ने सामूहिक रूप से आरती गाकर महाराजा अग्रसेन जी की वंदना की। आरती के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। अग्रसेन चौक पर गूंजते जयकारों और भक्ति गीतों ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया।
इस अवसर पर समाजजनों ने महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों, समानता, सेवा, सहयोग और सामाजिक एकता के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। महाराजा अग्रसेन जी की विचारधारा आज भी समाज को परस्पर सहयोग, समरसता और जनकल्याण की प्रेरणा देती है।
नगर में आयोजित इस भव्य महाआरती ने अग्र समाज की एकजुटता और धार्मिक आस्था का सुंदर परिचय दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
- विश्वमानसिक स्वा. दिवस – स्वस्थ मन तो स्वस्थ तन - October 11, 2026
- बिलाईगढ़ में नवरात्रि की धूम, बाइक-स्कूटी समेत 13 आकर्षक इनामों का लकी ड्रॉ… - October 11, 2026
- शिक्षक के सूने मकान में चोरी, नकदी-जेवर पार… - October 11, 2026
