सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत खेलभांठा मैदान में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर विशाल एवं आकर्षक रंगोली बनाई गई। रंगों से सजी इस भव्य रंगोली ने लोगों का ध्यान आकर्षित करने के साथ ही सामाजिक एकता, समावेशिता और राष्ट्र निर्माण का प्रेरक संदेश दिया।
रंगोली में ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को बेहद खूबसूरती से उकेरा गया। इसके साथ ही समावेशी समाज की भावना को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। रंगोली के मध्य हथेली पर दिव्यांगजनों की आकृतियां बनाकर सम्मान, समान अवसर और सशक्तीकरण का संदेश दिया गया।
वहीं ‘अलग-अलग क्षमताएं, एकजुट होकर सशक्त’ जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका और समान भागीदारी का संदेश दिया गया। रंगोली के चारों ओर विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सामाजिक एकता, भाईचारे और जनभागीदारी की भावना को मजबूती प्रदान की।
कार्यक्रम स्थल पर रंगोली देखने पहुंचे लोगों ने विद्यार्थियों और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ने से ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा।
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर को खेलभांठा मैदान में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों के माध्यम से सेवा, सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

- महाराजा अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में सजा संस्कृति और उल्लास का रंग… - October 8, 2026
- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर बड़ा अपडेट, साय सरकार ने इस नियम में बदलाव, अब इन्हें नहीं कराना होगा एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन… - October 8, 2026
- शुगर हाई तो जेल में एंट्री नहीं: चीतल मांस कांड में आरोपी को बिलासपुर जेल प्रबंधन ने लौटाया, तीन घंटे खड़ा रहा वन अमला… - October 8, 2026
