सारंगढ़। अग्र समाज के प्रवर्तक, समाजवाद के प्रणेता तथा “एक ईंट, एक रुपया” के सिद्धांत से अग्रोहा नगरी बसाने वाले महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के पावन अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच सारंगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विविध आकर्षक प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन में त्याग, सेवा, सहयोग, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देखने को मिला।
महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इन कार्यक्रमों में समाज के विभिन्न वर्गों और अलग-अलग आयु समूह के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन समिति की सक्रियता, महीनों पहले से की जा रही तैयारियां, सुव्यवस्थित प्रबंधन और आत्मीय आमंत्रण ने पूरे आयोजन को पारिवारिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार जुटे रहे। मंच सज्जा, प्रतियोगिताओं की व्यवस्था, प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन से लेकर अनुशासन और समय-पालन तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया। समाज के लोगों को एकजुट कर संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश देने की इस पहल की विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सराहना की।
8 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिताओं में दोपहर 3 बजे थापा सजाओ एवं राजस्थानी थाली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें राजस्थान की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक खान-पान की झलक देखने को मिली। इसके बाद शाम 4 बजे नोट गिनो प्रतियोगिता तथा 45 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए एक मिनट प्रतियोगिता ने प्रतिभागियों में उत्साह और मनोरंजन का माहौल बनाया।
शाम 5 बजे बॉलीवुड ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी और स्मरणशक्ति का प्रदर्शन किया। वहीं शाम 6 बजे जूनियर एवं सीनियर वर्ग के लिए पिलो पास प्रतियोगिता ने बच्चों से लेकर बड़ों तक में उत्साह भर दिया। रात 7 बजे 45 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग के लिए आयोजित एक मिनट प्रतियोगिता ने कार्यक्रम में मनोरंजन का रंग और गहरा कर दिया।
मारवाड़ी युवा मंच के युवाओं ने आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया कि जब युवा शक्ति समाजसेवा, संस्कृति और सामाजिक एकता के लिए आगे आती है तो समाज की परंपराओं को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। पूरे नगर को जोड़ने वाला यह आयोजन महाराजा अग्रसेन जी के सामाजिक समरसता और सहयोग के संदेश को जीवंत करता नजर आया।
नगर के विभिन्न सामाजिक अग्रवाल संगठनों ने मारवाड़ी युवा मंच एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। महाराजा अग्रसेन जी के जयघोष से सारंगढ़ का वातावरण उत्सवमय नजर आया और समाज के लोगों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
- महाराजा अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में सजा संस्कृति और उल्लास का रंग… - October 8, 2026
- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर बड़ा अपडेट, साय सरकार ने इस नियम में बदलाव, अब इन्हें नहीं कराना होगा एग्रीस्टेक पोर्टल में पंजीयन… - October 8, 2026
- शुगर हाई तो जेल में एंट्री नहीं: चीतल मांस कांड में आरोपी को बिलासपुर जेल प्रबंधन ने लौटाया, तीन घंटे खड़ा रहा वन अमला… - October 8, 2026
