सारंगढ़। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा तालुका विधिक सेवा समिति सारंगढ़ के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में उप जेल सारंगढ़ में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विचाराधीन बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा विभिन्न विधिक सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विचाराधीन बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नालसा लीगल हेल्पलाइन नंबर 15100, मध्यस्थता एवं लोक अदालत योजना के बारे में बताया गया। बंदियों को समझाया गया कि जरूरत पड़ने पर वे विधिक सहायता प्राप्त कर अपने मामलों में कानूनी मार्गदर्शन ले सकते हैं।
शिविर में मानसिक स्वास्थ्य एवं बौद्धिक दिव्यांगता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी दी गई। इसके अलावा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों और इससे संबंधित गतिविधियों के बारे में भी बंदियों को अवगत कराया गया।
इस दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने बंदियों से बारी-बारी से उनकी समस्याओं एवं स्वास्थ्य संबंधी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बंदियों को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष रखने तथा जेल परिसर में स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी।
शिविर में बंदियों को कानून की जानकारी देने के साथ-साथ उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को आर्थिक या अन्य कारणों से न्याय पाने में कठिनाई न हो।
कार्यक्रम में तालुका विधिक सेवा समिति के नारद प्रसाद श्रीवास, उप जेल के सहायक जेल अधीक्षक श्याम लाल जांगड़े सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

- नन्हीं लीया बनी ‘नन्हीं रिपोर्टर’, डीईओ से किया बेबाक सवाल… - October 3, 2026
- गांधी-शास्त्री को नमन, नपा चुनाव पर कांग्रेस में मंथन… - October 3, 2026
- बुनकरी से बदलेगी सपेरा बस्ती की तकदीर, 40 महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर… - October 3, 2026
