रायपुर:
छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा 5811 के तत्वावधान में आगामी 4 अक्टूबर 2026, दिन रविवार को राजधानी रायपुर के शंकर नगर बीटीआई ग्राउंड स्थित सिंदू भवन में एक दिवसीय विशाल वैष्णव सम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस गरिमामयी और ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय गुरु खुशवंत सिंह जी (कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार, अनुसूचित जाति विकास विभाग) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रातः 10:30 बजे से शुरू होने वाले इस वृहद समागम का मुख्य उद्देश्य वैष्णव समाज को संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाना, आपसी एकता को सुदृढ़ करना और समाज के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार करना है। सम्मेलन के दौरान रायपुर जिला इकाई की नई कार्यकारिणी का विधिवत निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा, जिससे सामाजिक गतिविधियों को नई ऊर्जा और दिशा मिल सके। इसके साथ ही समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक भव्य परिचय सम्मेलन का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि अभिभावकों और युवाओं को एक ही मंच पर सुयोग्य जीवनसाथी चुनने का सुगम अवसर प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, युवाओं के मार्गदर्शन, रोजगार और संगठनात्मक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा। महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं संस्थापक श्री लखन दास वैष्णव ने कहा कि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह जी की गरिमामयी उपस्थिति से समूचे समाज में नई चेतना और उत्साह का संचार होगा। उन्होंने रायपुर जिले सहित प्रदेशभर के समस्त वैष्णव सामाजिक बंधुओं, प्रबुद्धजनों, माताओं, बहनों और युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।

- मंत्री गुरु खुशवंत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में होगा विराट वैष्णव सम्मेलन… - October 3, 2026
- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम… - October 2, 2026
- गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला शिक्षा का संबल… - October 2, 2026
