रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक आज की जनधारा के 36वें वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित CHHATTISGARH NEXT YOUTH CONCLAVE में मीडिया क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए बसना के युवा पत्रकार शुकदेव वैष्णव को सम्मानित किया गया। रायपुर के जी.ई. रोड स्थित बेबीलॉन कैपिटल होटल में रविवार को आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने करकमलों से शुकदेव वैष्णव को सम्मान प्रदान किया। मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान प्राप्त करना शुकदेव वैष्णव के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
समारोह में मीडिया, सामाजिक सरोकार और युवा क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के कार्यों को मंच पर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने और पत्रकारिता के माध्यम से जनसरोकार के विषयों को सामने रखने के लिए शुकदेव वैष्णव को सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शुकदेव वैष्णव ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद और आम लोगों की आवाज को सामने लाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहने और पत्रकारिता के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
CHHATTISGARH NEXT YOUTH CONCLAVE में सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, गायक, गीतकार एवं रंगकर्मी पीयूष मिश्रा के साथ युवाओं का ओपन माइक और खुला संवाद भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। इस दौरान युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार रखे और विभिन्न विषयों पर संवाद किया। कार्यक्रम ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचारों को सामने रखने का एक प्रभावी मंच प्रदान किया।
यह सम्मान दैनिक आज की जनधारा के प्रधान संपादक सुभाष मिश्रा के मार्गदर्शन में जनधारा 24×7 परिवार द्वारा प्रदान किया गया। आयोजन में पत्रकारिता और युवा शक्ति के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
शुकदेव वैष्णव को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों मिले सम्मान से बसना क्षेत्र में खुशी की लहर है। क्षेत्र के पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अंचल के युवा पत्रकार का राज्य स्तरीय मंच पर सम्मानित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। लोगों ने उम्मीद जताई कि यह सम्मान शुकदेव वैष्णव को पत्रकारिता के क्षेत्र में और अधिक सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।


- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों सम्मानित हुए पत्रकार शुकदेव वैष्णव… - September 29, 2026
- छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा का एक दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन 4 अक्टूबर को रायपुर मे होगा सम्पन्न..नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के साथ विवाह योग्य युवाओं का होगा परिचय… - September 29, 2026
- सरिया : फ्लाई ऐश परिवहन मामले में गाड़ियां जब्त…बिना औपचारिक नोटिस वाहन रोकने का ट्रांसपोर्टरों ने लगाया आरोप.. - September 29, 2026
