सारंगढ़। विकासखंड सारंगढ़ अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा में प्रधान पाठिका प्रियंका गोस्वामी के कुशल नेतृत्व में विद्यार्थियों द्वारा साइबर जागरूकता अभियान में प्रभावी सहभागिता निभाई जा रही है। नन्हे विद्यार्थी नाटक, पोस्टर और अपने बेबाक अंदाज में डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश समाज तक पहुंचा रहे हैं।
बच्चों द्वारा लोगों को समझाया जा रहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर आने वाले लॉटरी, मुफ्त उपहार या संदिग्ध लिंक पर बिना जांचे क्लिक करने से भी बचना चाहिए।
विद्यार्थी मोबाइल ऐप और गेम डाउनलोड करते समय उसकी विश्वसनीयता जांचने तथा अनावश्यक रूप से किसी ऐप को कैमरा, गैलरी, माइक्रोफोन या लोकेशन जैसी सुविधाओं का एक्सेस नहीं देने की सलाह दे रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों ने तेजी से बढ़ रहे ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि अपराधी कई बार खुद को पुलिस या किसी सरकारी विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को डराने और ठगी करने का प्रयास करते हैं।
विद्यार्थियों ने अपने संदेश में कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और आधिकारिक साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं।
बच्चों की इस रचनात्मक एवं सामाजिक जागरूकता पहल की सराहना करते हुए बीईओ सोमा सिंह ठाकुर एवं डीईओ एल.एन. पटेल ने विद्यार्थियों तथा प्रधान पाठिका प्रियंका गोस्वामी को हार्दिक बधाई दी। विद्यालय के विद्यार्थियों की यह पहल न केवल साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित कर रही है।

- मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की राह, 10 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन… - September 30, 2026
- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
