सारंगढ़। विकासखंड सारंगढ़ अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की कक्षा दूसरी में अध्ययनरत महज सात वर्षीय छात्रा खुशबू आदित्य ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से एक बार फिर स्कूल का नाम रोशन किया है। प्रधान पाठक श्रीमती प्रियंका गोस्वामी के मार्गदर्शन और सतत प्रोत्साहन से नन्हीं खुशबू ने जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल का साक्षात्कार लेकर सभी को हैरान कर दिया।
साक्षात्कार के दौरान खुशबू ने स्वास्थ्य, अस्पताल की सुविधाओं, बीमारियों से बचाव और स्वस्थ रहने जैसे विषयों पर बेहद सहजता और बेबाकी से सवाल पूछे। सात वर्षीय बच्ची के आत्मविश्वास, स्पष्ट अभिव्यक्ति और जिज्ञासा से भरे सवालों ने डॉ. दीपक जायसवाल को भी प्रभावित किया। उन्होंने इतनी कम उम्र में बच्ची के भीतर दिखाई दे रहे आत्मविश्वास और संवाद कौशल की सराहना करते हुए इसे सुखद अनुभव बताया।
डॉ. जायसवाल ने शाला की प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी के शिक्षा के प्रति समर्पण और बच्चों को नए अवसर प्रदान करने की पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों में जिज्ञासा और सीखने की प्रवृत्ति को सही दिशा मिले तो वे कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में जोर दिए गए अनुभवात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षण की दिशा में शासकीय प्राथमिक शाला दहिदा की यह पहल एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में सामने आई है। बच्चों को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें वास्तविक जीवन से जोड़कर सीखने और अपनी बात रखने का अवसर दिया जा रहा है। नन्हीं खुशबू द्वारा डॉक्टर का साक्षात्कार लेना इसी नवाचारी प्रयास का हिस्सा है।
इस पहल ने यह भी साबित किया है कि सरकारी स्कूलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो केवल उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। खुशबू के साक्षात्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जहां लोग उसकी मासूमियत, आत्मविश्वास और बेबाक सवालों की जमकर सराहना कर रहे हैं।
नन्हीं रिपोर्टर खुशबू आदित्य की इस उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी सोमा सिंह ठाकुर एवं जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने छात्रा, प्रधान पाठक प्रियंका गोस्वामी और समस्त शालेय परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
- सारंगढ़ की नन्हीं रिपोर्टर खुशबू ने सिविल सर्जन का लिया इंटरव्यू, मासूम सवालों ने जीता दिल… - September 30, 2026
