सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कानून व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित राजस्व, पुलिस, परिवहन, लोक निर्माण और नगरपालिका के अधिकारी उपस्थित रहे।
आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने कानून व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय के साथ मैदानी स्तर पर सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जिले की ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत माई नाथलदाई मंदिर में 11 से 19 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नवरात्र पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। ओडिशा सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर, पहुंच मार्ग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी थाना-चौकी स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने को कहा।
20 अक्टूबर को सारंगढ़, सरसीवा, पेंड्रावन, कोसीर, बरमकेला और सरिया में आयोजित होने वाले दशहरा एवं गढ़ विच्छेदन पर्व को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में निर्धारित ध्वनि सीमा का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए गए। एसपी सुनील शर्मा ने बताया कि डीजे संचालकों की बैठक लेकर उन्हें नियमों की जानकारी दी गई है। वर्ष 2025 में कोलाहल अधिनियम के तहत 5 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 7 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया, जबकि वर्ष 2026 में अब तक एक प्रकरण में 1 हजार रुपए का जुर्माना किया गया है।
बैठक में सड़क सुरक्षा के आंकड़ों की भी समीक्षा हुई। जनवरी से अगस्त 2026 तक जिले में 147 सड़क दुर्घटनाओं में 82 लोगों की मृत्यु और 145 लोग घायल हुए हैं। कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संकेतक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर, स्ट्रीट लाइट और रोड मार्किंग को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया।
एसपी ने बताया कि 1 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक यातायात नियमों के उल्लंघन के 1,418 प्रकरणों में 16 लाख 80 हजार 400 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई है।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 जनवरी से 27 सितंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा के 49 प्रकरणों में 98 आरोपियों से 1,048 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1.90 करोड़ रुपए बताई गई है। कार्रवाई में 49 वाहन भी जब्त किए गए हैं। वहीं कोरेक्स सिरप के 2 प्रकरणों में 178 नग सिरप जब्त किया गया है।
कलेक्टर ने आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।


- मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की राह, 10 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन… - September 30, 2026
- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
