सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) द्वारा आयोजित 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण का समापन हुआ। 20 से 29 सितंबर तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीक, कम लागत में उत्पादन, रखरखाव, लागत-आय का आकलन तथा बाजार प्रबंधन की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री ऋषिकेश तिवारी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से मशरूम उत्पादन की तकनीक, संभावित लागत, आय तथा उत्पाद के विपणन को लेकर चर्चा की और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को व्यावहारिक रूप से आजीविका से जोड़ने पर जोर दिया।
सीईओ श्री तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रमाण पत्र देना नहीं, बल्कि हुनर को आजीविका में बदलना है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण के बाद भी नियमित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद हितग्राहियों को बैंक ऋण जैसी वित्तीय सुविधाओं से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत में शुरू किया जा सकने वाला स्वरोजगार का बेहतर माध्यम है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मशरूम उत्पादन की वैज्ञानिक विधि, आवश्यक संसाधन, उत्पादन प्रक्रिया, सावधानियां, लागत कम करने के उपाय, तैयार मशरूम के रखरखाव तथा बाजार में बिक्री की रणनीतियों के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए आत्मनिर्भर बनाना और स्थानीय स्तर पर आय के नए अवसर उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में एपीओ संजू पटेल, RSETI निदेशक रिपुसुदन यदु, संतोष शुक्ला, भोजराम यादव, अतुल मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

- मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की राह, 10 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन… - September 30, 2026
- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
