सारंगढ़। स्वर्गीय पवन केजरीवाल की 6वीं पुण्य स्मृति के अवसर पर सारंगढ़ में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद मरीजों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान कुल 430 मरीजों का सफल स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि 50 दिव्यांग मरीजों का कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण रहा। आयोजक केजरीवाल परिवार के अनुसार कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण के लिए मरीजों के अंगों का माप 26 सितंबर को लिया गया था। इसके बाद 26, 27, 28 एवं 29 सितंबर 2026 तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित किया गया। मरीजों के लिए निःशुल्क दवाइयों के साथ भोजन की भी व्यवस्था की गई।
शिविर में विभिन्न गंभीर एवं सामान्य बीमारियों के विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इनमें कार्डियोलॉजी के डॉ. सतीश सूर्यवंशी, गैस्ट्रो के डॉ. आकाश गर्ग, न्यूरोलॉजी के डॉ. राहुल प्रताप प्रजापति, नेफ्रोलॉजी के डॉ. भुवन शर्मा, ऑर्थोपेडिक के डॉ. करन मुराफ एवं डॉ. जे.एन. शुक्ला, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आंचल अग्रवाल एवं डॉ. कुंवर किशोर सिंह, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जील सेठ अग्रवाल एवं डॉ. अनुप अग्रवाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रूपेश पटेल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र चन्द्र तथा कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नवीन कुमार जैन सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की।
आयोजकों ने मरीजों से अपील की थी कि जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श के दौरान अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट साथ लेकर आएं, ताकि चिकित्सकों को मरीज की पिछली स्वास्थ्य स्थिति और उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा हो सके।
स्वर्गीय पवन केजरीवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित यह शिविर स्वास्थ्य सेवा के साथ मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बना। विशेष रूप से जरूरतमंद दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की पहल से उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिली। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।



- मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की राह, 10 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन… - September 30, 2026
- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
