सारंगढ़ : मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित 9वीं एशिया कप इंटरनेशनल ओपन कराते चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यूनाइटेड कराते एंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय दल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक (5 स्वर्ण और 5 कांस्य) अपनी झोली में डाले।

प्रतियोगिता में टीम ने ऑफिशियल अजय पटेल और कोच शिवा सारथी के मार्गदर्शन में हिस्सा लिया। बालिका वर्ग में घनिष्ठा साहू, भावना धीवर और अनुश्री दुबे ने दोहरे पदक जीतकर राज्य का मान बढ़ाया। तीनों ही खिलाड़ियों ने काता स्पर्धा में स्वर्ण पदक और कुमिते स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किए।
बालक वर्ग की स्पर्धाओं में मनीष रात्रे और रितेश सारथी ने अपने भार वर्ग में प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, आदर्श रात्रे और आरुष रात्रे ने बेहतरीन मुकाबला करते हुए कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर टीम ऑफिशियल अजय पटेल और कोच शिवा सारथी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे कड़ी मेहनत, कड़े अनुशासन और माता-पिता के सहयोग का फल बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में मिली सफलता से राज्य के अन्य उभरते खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। छत्तीसगढ़ कराते दल की इस ऐतिहासिक जीत पर खेल प्रेमियों, एसोसिएशन के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने पूरी टीम को बधाई दी है।
- मशरूम उत्पादन से स्वरोजगार की राह, 10 दिवसीय प्रशिक्षण का समापन… - September 30, 2026
- नवरात्र-दशहरा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सड़क हादसों पर कलेक्टर सख्त… - September 30, 2026
- हरदी में वरिष्ठ नागरिकों को सिखाए साइबर सुरक्षा के गुर… - September 30, 2026
