सारंगढ़। जिले में प्राकृतिक संपदा की चोरी और राजस्व नुकसान को रोकने के लिए खनिज विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर के कड़े निर्देशों के बाद उड़नदस्ता टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुड़ेली और आसपास के क्षेत्रों से बिना वैध दस्तावेजों के दौड़ रहे एक हाईवा और सात रेत लदे ट्रैक्टरों को रंगे हाथों धर दबोचा। विभाग की इस सख्त कार्रवाई से नियमों की धज्जियां उड़ा रहे अवैध खनन व परिवहन सिंडिकेट में हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान टीम ने हाईवा (क्रमांक सीजी 13 बीएल 0590) को पकड़ा, जिसमें गिट्टी का परिवहन किया जा रहा था। पड़ताल में मौके पर कोई भी वैध ऑनलाइन ई-ट्रांजिट पास या रॉयल्टी पर्ची नहीं मिली, यह वाहन गुड़ेली के छत्तीसगढ़ मिनरल्स से जुड़े अंकुर अग्रवाल का बताया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत टीम ने विभिन्न मार्गों पर घेराबंदी कर रेत से भरे सात ट्रैक्टरों को भी जब्त किया, जिनके चालक कोई निकासी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम के तहत किसी भी खनिज का परिवहन केवल ऑनलाइन जेनरेटेड ई-टीपी के जरिए ही वैध है। बिना पर्ची के परिवहन सीधे तौर पर शासन के साथ धोखाधड़ी और अवैध व्यापार की श्रेणी में आता है।
रेत खदानों से उत्खनन प्रतिबंधित होने के बावजूद माफिया अवैध डंपिंग यार्ड बनाकर रेत की जमाखोरी कर रहे हैं और उसे मनमाने दामों पर खपा रहे हैं, जो पर्यावरण व खनिज नियमों का सीधा उल्लंघन है।
खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत बिना अनुमति खनिज ढोने पर भारी अर्थदंड के साथ-साथ वाहन राजसात करने और संबंधित संचालकों पर कानूनी कार्रवाई का कड़ा प्रावधान है।
विभाग ने सभी 8 वाहनों को कस्टडी में लेकर जब्ती का प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि राजस्व की चोरी करने वाले और नियमों को दरकिनार करने वाले किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा।
- सारंगढ़ में खनिज नियमों को ताक पर रख गिट्टी-रेत खपा रहे माफियाओं पर खनीज विभाग ने कसा शिकंजा..1 हाईवा और 7 ट्रैक्टर जब्त.. - September 30, 2026
- शिक्षा के नाम पर ‘बंधुआ मजदूरी’ का केंद्र बने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्राइवेट स्कूल…न्यूनतम वेतन दरें दरकिनार, ‘विशाखा गाइडलाइन’ की अनदेखी पर प्रशासन मौन…ऑल-इन-वन मजदूर बने शिक्षक..!प्रशासनिक मिलीभगत या उदासीनता? - September 30, 2026
- मुड़पार (स) में 15वें वित्त की 12.68 लाख की राशि पर गड़बड़ी का आरोप, जांच में शिकायत सही मिली, सरपंच-सचिव पर कार्रवाई की सिफारिश… - September 30, 2026
