सारंगढ़-बिलाईगढ़। ग्राम पंचायत गिरसा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छ भारत अभियान को लेकर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ कचरे के उचित प्रबंधन और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को हरे, नीले, पीले एवं लाल डस्टबिन वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संस्कार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे प्रयासों से देशभर में जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि प्रत्येक परिवार स्वच्छता की शुरुआत अपने घर से करे और आसपास के वातावरण को भी साफ-सुथरा रखने में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि कचरे को निर्धारित डस्टबिन में अलग-अलग डालने की आदत विकसित करना जरूरी है। “न कचरा फैलाएंगे, न फैलाने देंगे” का संकल्प ही स्वच्छ और स्वस्थ गांव की पहचान बनेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने जिला कलेक्टर आईएएस पद्मिनी भोई साहू की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे जनसेवा की भावना से लगातार क्षेत्र का दौरा कर विकास कार्यों को गति देने का प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, विधायक कविता प्राण लहरे, जिला पंचायत सदस्य शिवानी साहू, डॉ. दिनेश जांगड़े एवं भरत जटवर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्राम पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने ग्राम गिरसा को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

- छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का ऐलान, दशहरा-दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें तय… - September 21, 2026
- सारंगढ़ में ट्रक रोककर लूट की वारदात का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार…विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा… - September 21, 2026
- सारंगढ़ की खेल प्रतिभा का जलवा, राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में 14 पदक… - September 21, 2026
