सारंगढ़ : बरमकेला क्षेत्र निवासी बजरंग कोडाकू और निखिल पटेल अपने रिश्तेदार के घर भालूपानी आए हुए थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वापसी के दौरान कार काफी तेज गति में थी। जैसे ही वाहन परसकोल के पास दिशा-सूचक बोर्ड के समीप पहुंचा, चालक ने बोर्ड से बचने के लिए वाहन को अचानक मोड़ने का प्रयास किया। अत्यधिक रफ्तार होने के कारण चालक का कार से नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे सड़क किनारे स्थित मैकेनिक की दुकान में जा घुसा।

एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से गांव में शोक-
कार की सीधी चपेट में आने से दुकान में काम कर रहे मैकेनिक श्याम कुमार पटेल (44 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त दुकान में वाहन बनवा रहे एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से श्याम कुमार को तत्काल सारंगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायगढ़ रेफर कर दिया गया। हालांकि, रायगढ़ पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। श्याम कुमार अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे, जिनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की मुस्तैदी से शांत हुआ ग्रामीणों का आक्रोश-
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलते ही कनकबीरा चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी कार चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टीकाराम खटकर, चौकी प्रभारी, कनकबीरा का कथन –
”वाहन चालक बजरंग कोडाकू के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
- परसकोल में खूनी रफ्तार का तांडव..अनियंत्रित कार मैकेनिक की दुकान में घुसी…परिवार का एकमात्र कमाने वाला चिराग बुझा..रायगढ़ ले जाते समय श्याम कुमार पटेल ने तोड़ा दम.. - September 6, 2026
- रायगढ़:CHP चौक हिंसा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 और आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
- रायगढ़:हॉर्न बजाने से शुरू हुआ विवाद, जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी तक पहुंचा मामला; फरार आरोपी गिरफ्तार… - September 6, 2026
