रायगढ़। महाराजा चक्रधर सिंह की कला-साधना, संगीत प्रेम और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समर्पित 41वें अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह-2026 का भव्य आयोजन इस बार 14 से 23 सितंबर तक रायगढ़ के रामलीला मैदान में किया जाएगा। संस्कृति विभाग, पर्यटन मंडल एवं जनसहयोग के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह 10 दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ देश-प्रदेश के नामचीन कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रस्तुत करने का बड़ा मंच देगा।
प्रतिदिन शाम 6 बजे से शुरू होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में शास्त्रीय नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोककला, पंडवानी, लोकसंगीत, कबीर भजन, गजल, काव्य और वाद्य संगीत की विविध प्रस्तुतियां दर्शकों को देखने-सुनने को मिलेंगी। पद्मश्री सम्मानित कलाकारों की मौजूदगी समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान करेगी।
समारोह का शुभारंभ 14 सितंबर को वेदमणि सिंह ठाकुर के शिष्यों की गणेश वंदना से होगा। पहले दिन पद्मश्री अनुज शर्मा लोक कला एवं संगीत तथा पद्मश्री डॉ. उषा बारले पंडवानी की प्रस्तुति देंगी। वहीं समारोह का भव्य समापन 23 सितंबर को पद्मश्री सम्मानित सुप्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति की सुरमयी प्रस्तुति के साथ होगा।
15 सितंबर को निशित गंगानी का तबला वादन, टी. लक्ष्मी रेड्डी की कुचिपुड़ी, राजस्थानी फोक और तरुणा साहू की पंडवानी प्रस्तुति होगी। 16 सितंबर को मौमाला नायक एवं डॉ. यास्मीन सिंह कथक प्रस्तुत करेंगी, जबकि भूपेन्द्र साहू छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे।
17 सितंबर को बनारस घराने के कथक सहित भरतनाट्यम, ओडिसी और लोक संगीत की प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिलेगा। 18 सितंबर को पद्मश्री भारती बंधु कबीर भजन और डॉ. मंजू इलंगबम मणिपुरी नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
19 सितंबर की शाम काव्य रसिकों के लिए खास होगी। इस दिन पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा एवं अन्य कलाकारों की काव्य संध्या आयोजित होगी। साथ ही गौरी शंकर दाश ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
20 सितंबर को इंडियन आइडल फेम अमित साना अपनी गायकी से समां बांधेंगे। इसी दिन पद्मश्री रामलाल बरेठ के निर्देशन में कथक की विशेष प्रस्तुति होगी। 21 सितंबर को भी शास्त्रीय नृत्य और संगीत की विविध प्रस्तुतियों से समारोह की रंगत बढ़ेगी।
22 सितंबर को गुरु कोट्टक्कल नंदकुमारन नायर कथकली, प्रो. डॉ. लवली शर्मा सितार वादन तथा रायगढ़ के राकेश शर्मा सूफी गायन एवं गजल की प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 23 सितंबर को कविता कृष्णमूर्ति की प्रस्तुति के साथ 10 दिवसीय समारोह का भव्य समापन होगा।
चक्रधर समारोह रायगढ़ की पहचान बन चुके उन आयोजनों में शामिल है, जहां कला की विभिन्न विधाएं एक ही मंच पर जीवंत होती हैं। इस बार भी देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकारों की भागीदारी समारोह को खास बनाएगी। रायगढ़वासियों के लिए यह महज सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि महाराजा चक्रधर सिंह की कला विरासत और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का उत्सव होगा।

- देश के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर, किसी को कहा जाता गुप्त वृंदावन तो कहीं पहुंचती है महाकाल की सवारी… - September 4, 2026
- रात में पानी पीना और पेशाब के लिए उठना, ये एक गलती आपकी जान ले सकती है. सावधान रहें… - September 4, 2026
- प्रोटीन से भरपूर टोफू क्रम्बल बाउल घर पर बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक डिनर… - September 4, 2026
