छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू का संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। 3 सितंबर की स्थिति में प्रदेश में 15 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 176 पहुंच गई है।

इनमें से 131 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि वर्तमान में कुल 45 सक्रिय मरीज हैं। सक्रिय मरीजों में से 34 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं और 11 मरीज होम आइसोलेशन में रहकर इलाज करा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सामने आए नए 15 मरीजों में सबसे ज्यादा रायपुर से सात और दुर्ग से पांच मरीज शामिल हैं। इसके अलावा कोरबा, महासमुंद और राजनांदगांव में एक-एक नया मरीज मिला है।
रायपुर में सबसे ज्यादा मामले
जिलेवार स्थिति पर नजर डालें तो राजधानी रायपुर संक्रमण के मामले में सबसे आगे बनी हुई है। जिले में सात नए मरीज मिलने के बाद अब तक कुल 73 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। दुर्ग जिले में पांच नए मरीज मिलने से कुल संक्रमितों की संख्या 22 हो गई है। वहीं, बिलासपुर में अब तक कुल 20 मरीज सामने आ चुके हैं। कोरबा में एक नए मरीज के साथ आंकड़ा 11 और रायगढ़ में 10 पहुंच गया है।
इन जिलों के ये है हालात
धमतरी में अब तक नौ, राजनांदगांव में पांच, जबकि बस्तर, बेमेतरा और महासमुंद में तीन-तीन मरीजों में पुष्टि हुई है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा, कांकेर, सूरजपुर और सरगुजा में दो-दो तथा बालोद, बलौदाबाजार, दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जशपुर, कोंडागांव, एमसीबी, मोहला-मानपुर और सक्ती में एक-एक मरीज दर्ज किए गए हैं।
सतर्कता बरतें लोग
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सर्दी, खांसी, तेज बुखार, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों को कतई नजरअंदाज न करने और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच व चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है।
- देश के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिर, किसी को कहा जाता गुप्त वृंदावन तो कहीं पहुंचती है महाकाल की सवारी… - September 4, 2026
- रात में पानी पीना और पेशाब के लिए उठना, ये एक गलती आपकी जान ले सकती है. सावधान रहें… - September 4, 2026
- प्रोटीन से भरपूर टोफू क्रम्बल बाउल घर पर बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक डिनर… - September 4, 2026
