सारंगढ़। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार जिला खाद्य अधिकारी कुर्रे के द्वारा सारंगढ़ के प्रतापगंज स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में न्योता भोज का आयोजन किया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी के नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूप में सजकर पहुंचे, जिससे पूरा केंद्र भक्तिमय और उत्सवी माहौल में नजर आया।
कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए आंगनबाड़ी संचालिका द्वारा केंद्र परिसर को रंगोली और फूलों से खूबसूरती से सजाया गया था। बच्चों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया। उनकी मासूम अदाओं और शानदार प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन से पहले सभी बच्चों को न्योता भोज कराया गया। स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। इस अवसर पर बच्चों के पालक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और उन्होंने न्योता भोज के आयोजन की सराहना करते हुए इसे बच्चों के लिए उपयोगी एवं आनंददायक पहल बताया।
न्योता भोज के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच सामूहिकता, अपनापन और भाईचारे की भावना को बढ़ावा मिला। उत्सव के रंग में रंगे इस आयोजन ने बच्चों के लिए न केवल स्वादिष्ट भोजन का अवसर दिया, बल्कि उन्हें खुशी, सहभागिता और सांस्कृतिक जुड़ाव का यादगार अनुभव भी प्रदान किया।

- सारंगढ़:राधा-कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने, न्योता भोज में छलका उत्सव का रंग… - September 3, 2026
- नशे के सौदागरों पर एसपी सुनील शर्मा का शिकंजा, थाना प्रभारी शिव कुमार धारी की टीम ने NDPS मामले में एक और आरोपी दबोचा… - September 3, 2026
- किसानों को बड़ी सौगात: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खुलेंगे 8 नए धान उपार्जन केंद्र… - September 3, 2026
