हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने थाइलैंड को 94 रनों से रौंदकर विमेंस एशिया कप 2026 में धमाकेदार आगाज किया। भारत की इस जीत में ओपनर शैफाली वर्मा के साथ दीप्ति शर्मा ने भी अहम रोल अदा किया।

शैफाली की तूफानी फिफ्टी के दम पर जहां टीम इंडिया ने 159 रन बोर्ड पर लगाए। वहीं दीप्ति की शानदार बॉलिंग के दम पर भारत ने थाइलैंड की पूरी टीम को 65 के स्कोर पर समेटा। थाइलैंड के खिलाफ इस मैच में दीप्ति शर्मा ने एक नहीं बल्कि 2-2 इतिहास रचे। वह विमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर बनीं, साथ ही वह पहली ऐसी भारतीय बॉलर बनीं जिसने बिना कोई रन दिए एक मैच में 3 या उससे अधिक विकेट चटकाए हो।
विमेंस टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
थाइलैंड के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 के मुकाबले में दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट चटकाकर इतिहास रचा। वह विमेंस टी20 क्रिकेट में अब सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर बन गईं हैं। उनके नाम इस फॉर्मेट में अब 171 विकेट हो गए हैं। दीप्ति शर्मा ने इस लिस्ट में थाइलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग को पछाड़ा है, जो अब 170 विकेट के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गई है। इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन भी इस लिस्ट में मौजूदा हैं।
विमेंस टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली बॉलर
171* – दीप्ति शर्मा (IND-W)
170 – थिपाचा पुत्थावोंग (THA-W)
164 – हेनरीट इशिम्वे (RWA-W)
154 – सोफी एक्लेस्टोन (ENG-W)
153 – कैरी चैन (HKG-W)
153 – ओनिचा कामचोम्फू (THA-W)
दीप्ति शर्मा ने बिना कोई रन खर्च किए लिए 3 विकेट
थाइलैंड के खिलाफ इस मैच में दीप्ति शर्मा ने मात्र 7 गेंदें डाली, जिसमें उन्होंने बिना कोई रन दिए 3 विकेट चटकाए। दीप्ति शर्मा भारत की पहली ऐसी बॉलर बन गई है, जिसने यह कारनामा किया हो। वहीं विमेंस टी20 क्रिकेट में यह 26वीं घटना है, जब किसी बॉलर ने बिना कोई रन दिए 3 या उससे अधिक विकेट चटकाए हो।
T20I में IND-W के लिए 3 से ज्यादा विकेट लेने के लिए सबसे कम रन
3/0 – दीप्ति शर्मा बनाम THA-W, दुबई, 2026
3/5 – रेणुका सिंह बनाम SL-W, सिलहट, 2022
3/6 – पूजा वस्त्रकार बनाम MAS-W, कुआलालंपुर, 2018
3/6 – टिटस साधु बनाम SL-W, हांग्जो, 2023
3/6 – राधा यादव बनाम SA-W, चेन्नई, 2024
भारत ने थाइलैंड को हराकर विमेंस एशिया कप में अपना पहला मैच जीत लिया है। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम इंडिया को दूसरा मुकाबला हॉन्ग-कॉन्ग के खिलाफ अब 3 सितंबर को है। ग्रुप स्टेज के आखिरी और बहुप्रतीक्षित मुकाबले में टीम इंडिया चिर-प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से 5 सितंबर को भिड़ेगी।
