सांकरा थाना क्षेत्र में रविवार को जोंक नदी के पुराने पुल पर कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुल से नीचे नदी में जा गिरे।

इस हादसे में कार चालक 42 वर्षीय राजकुमार निषाद, पिता तेजराम निषाद की नदी में डूबने से मौत हो गई।
वहीं बाइक चालक 55 वर्षीय भगीरथी साहू, पिता मयाराम साहू निवासी बारनवापारा का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं।
पुलिस के अनुसार रविवार को सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगनआर कार की विपरीत दिशा से आ रही बाइक से पुराने जोंक नदी पुल पर भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार सात लोग नदी में गिर गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कार में सवार मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत निवासी दूधिपाली थाना बसना को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाइक सवार विजय साहू और विशाली साहू निवासी ग्राम गबौद चौकी बार जिला बलौदाबाजार को भी बचा लिया गया।
