सारंगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित श्री रामलला अयोध्या धाम तीर्थ दर्शन योजना जिले के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आध्यात्मिक संतुष्टि का माध्यम बन रही है। योजना के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 30 श्रद्धालुओं ने 21 से 24 अक्टूबर तक चार दिवसीय धार्मिक यात्रा के दौरान अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन किए। इस यात्रा से श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी धार्मिक अभिलाषा पूरी हुई।
जिले से चयनित श्रद्धालुओं को कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना किया था। यात्रा के दौरान शासन की ओर से परिवहन, भोजन और दर्शन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे श्रद्धालु बिना आर्थिक बोझ के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सके। जिले में अब तक 330 से अधिक नागरिक इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन और काशी विश्वनाथ धाम की यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। पवनी निवासी मनोहर लाल साहू ने बताया कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें अयोध्या और काशी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। शासन की इस योजना ने उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी कर दी।
वहीं, सारंगढ़ निवासी वृंदा यादव ने यात्रा को जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि पूरी तरह निःशुल्क यात्रा के दौरान व्यवस्थाएं अच्छी रहीं और बिना किसी आर्थिक परेशानी के दोनों धार्मिक स्थलों में दर्शन करने का सौभाग्य मिला।
यह योजना विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है। धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में होने वाली आर्थिक और व्यवस्थागत कठिनाइयों को कम कर यह योजना लोगों को अपनी आस्था से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रही है।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। तीर्थ दर्शन कर लौटे श्रद्धालुओं के अनुभवों ने योजना के प्रति संतुष्टि को दर्शाया। जिले के नागरिकों को धार्मिक यात्रा का अवसर उपलब्ध कराने वाली यह पहल आस्था, संस्कृति और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
- रामलला-काशी विश्वनाथ के दर्शन कर धन्य हुए 30 श्रद्धालु… - October 26, 2026
- 15 दिन में सड़क सुधारो, वरना उग्र आंदोलन…जर्जर सारंगढ़-बिलासपुर मार्ग को लेकर NSUI ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन… - October 26, 2026
- सड़क हादसे में परिवार का सहारा छिना, तीन बच्चों के भविष्य पर संकट… - October 26, 2026
