सारंगढ़। सारंगढ़ से बिलासपुर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर NSUI ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढों और नगर की जर्जर सड़कों से परेशान आम जनता की समस्याओं को उठाते हुए NSUI जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की मांग करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में बताया गया कि सारंगढ़ से बिलासपुर जाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन करने वाले आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाली के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। वहीं, नगर की अंदरूनी सड़कों की स्थिति भी काफी दयनीय बताई गई है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
NSUI ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसके बावजूद मुख्य मार्ग की ऐसी स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेष रूप से विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संगठन ने मांग की कि सारंगढ़-बिलासपुर मुख्य मार्ग सहित नगर की खराब सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
NSUI ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि निर्धारित समयसीमा में सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत नहीं कराई गई, तो संगठन जनहित के मुद्दे पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर कितनी शीघ्रता से कार्रवाई करता है और क्षेत्रवासियों को जर्जर सड़कों से कब तक राहत मिलती है।
इस दौरान युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शुभम बाजपेयी, नितिन पाणिग्राही, NSUI विधानसभा अध्यक्ष अंकित पटेल, विकास मालाकार, जिला उपाध्यक्ष ऋतिक भारद्वाज, राहुल मैत्री, आयुष श्रीवास, रूपेंद्र दास, मनीष महाजन, प्रिंस यादव सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- 15 दिन में सड़क सुधारो, वरना उग्र आंदोलन…जर्जर सारंगढ़-बिलासपुर मार्ग को लेकर NSUI ने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन… - October 26, 2026
- सड़क हादसे में परिवार का सहारा छिना, तीन बच्चों के भविष्य पर संकट… - October 26, 2026
- सतर्क नागरिक, सुरक्षित सारंगढ..एसडीओपी गोबिंद दीवान की अनूठी पहल, गांव-गांव में गूंज रहा जागरूकता का संदेश… - October 26, 2026
