सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के स्पष्ट निर्देश पर जिलेभर में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों तथा चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे आरोपियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस द्वारा व्यापक चेकिंग, निगरानी और समझाइश अभियान चलाकर ऐसे लोगों को अपराध से दूर रहने तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

एसडीओपी के नेतृत्व में 30 आदतन आरोपियों की परेड
इसी अभियान के तहत एसडीओपी बिलाईगढ़ श्रीमती दीपिका मिंज के नेतृत्व में 30 अगस्त 2026 को थाना बिलाईगढ़ परिसर में समीक्षा बैठक एवं विशेष परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान बिलाईगढ़ अनुभाग के अंतर्गत आने वाले बिलाईगढ़, सरसीवा, भटगांव और सालिहा थाना क्षेत्रों में निवास करने वाले आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों, गुंडा-बदमाशों तथा पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे कुल 30 आरोपियों को थाना परिसर में उपस्थित कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने सभी आरोपियों की व्यक्तिगत उपस्थिति दर्ज करते हुए उनकी वर्तमान गतिविधियों और दिनचर्या की विस्तृत जानकारी ली। पुलिस का उद्देश्य केवल निगरानी करना ही नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रखकर सामान्य एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
दोबारा अपराध किया तो होगी कठोर कार्रवाई
एसडीओपी श्रीमती दीपिका मिंज ने सभी उपस्थित बदमाशों एवं निगरानी आरोपियों को सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, चोरी, अवैध कारोबार अथवा शांति व्यवस्था भंग करने के प्रयास में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की निगरानी लगातार जारी रहेगी और जिले में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में भयमुक्त और शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।
आम नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध शराब, जुआ-सट्टा, चोरी की योजना अथवा अज्ञात और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस और आम नागरिकों के आपसी सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है।
पुलिस अधिकारी व जवान रहे उपस्थित
इस विशेष अभियान एवं परेड के दौरान एसडीओपी बिलाईगढ़ श्रीमती दीपिका मिंज के साथ थाना प्रभारी सरसीवा निरीक्षक स्वराज त्रिपाठी, थाना प्रभारी बिलाईगढ़ निरीक्षक राजेश चंद्रवंशी, चौकी प्रभारी बेलादुला सहायक उप निरीक्षक संजय नायक सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

