सारंगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा के कुशल नेतृत्व और सक्रिय कार्यशैली में यातायात पुलिस की टीम ने जिले के प्रमुख एवं व्यस्ततम चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया। विशेष रूप से भारत माता चौक पर की गई कार्रवाई से वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति गंभीरता देखने को मिली।
यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा की सजगता और सख्त कार्यशैली के चलते अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही, केवल जुर्माना लगाने तक सीमित न रहते हुए पुलिस टीम ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया और उन्हें सुरक्षित यात्रा के महत्व को समझाया।

हेलमेट चालान से नहीं, जीवन बचाने से जुड़ा है
जांच अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले, तीन सवारी बैठाने वाले, गलत तरीके से वाहन पार्क करने वाले तथा यातायात संकेतों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट पहनना केवल चालान से बचने का उपाय नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना के दौरान जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है।
यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा में पुलिस के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल स्वयं का बल्कि परिवार और अन्य लोगों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है।
47 मामलों में 20 हजार 100 रुपये का जुर्माना
विशेष जांच अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत कुल 47 प्रकरणों में 20 हजार 100 रुपये का चालान किया गया। कार्रवाई में धारा 122/177 के तहत 17 प्रकरणों में 5,100 रुपये, धारा 129/194 के तहत 9 प्रकरण, धारा 128/194(C) के तहत 7 प्रकरणों में 3,500 रुपये तथा धारा 179(1) के तहत 14 मामलों में कार्रवाई करते हुए 7,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
कार्रवाई के बाद वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी देते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया।
सख्ती के साथ जागरूकता भी
यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा और उनकी टीम ने कार्रवाई के दौरान मानवीय और जागरूकतापूर्ण पहल भी दिखाई। मौके पर मौजूद वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की समझाइश दी गई।
यातायात विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी जितेंद्र चंद्रा की सक्रियता और लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश जा रहा है। पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करेगी।


