सारंगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहन से राखी बंधवाकर घर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। सारंगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम टिमरलगा के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूचिदा निवासी यशवंत सिदार पिता कामता प्रसाद सिदार (26 वर्ष) शुक्रवार को रक्षाबंधन के अवसर पर अपने चचेरे भाइयों चित्रा सिदार और कृष्णा विश्वकर्मा के साथ बाइक से सारंगढ़ क्षेत्र के ग्राम गोड़म स्थित अपनी बहन के घर राखी बंधवाने पहुंचे थे।
राखी का पर्व मनाने के बाद शाम को तीनों युवक बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम टिमरलगा के पास सामने से आ रहे एक टैंकर के चालक ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे को देखकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। लोगों ने देखा कि टैंकर की चपेट में आने से कृष्णा विश्वकर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं यशवंत सिदार और चित्रा सिदार गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए रायगढ़ स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मेकाहारा) ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यशवंत सिदार ने भी दम तोड़ दिया। अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद चित्रा सिदार की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर और सघन उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।
एक ही परिवार के चचेरे भाइयों के साथ रक्षाबंधन के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों के साथ टैंकर चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

