सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अगस्त 2026। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस द्वारा 30 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक “डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी कॉल से सुरक्षा” विषय पर विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पुलिस अधिकारी लोगों को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी, पुलिस, CBI, ED अथवा अन्य शासकीय अधिकारी बनकर की जाने वाली फर्जी कॉल और वीडियो कॉल के माध्यम से डराने-धमकाने वाले साइबर अपराधियों के तरीकों से अवगत कराएंगे।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM या डेबिट कार्ड की जानकारी, PIN, CVV, बैंक खाता विवरण और UPI PIN सहित किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर मोबाइल फोन में कोई भी ऐप डाउनलोड करने से बचें।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस या कोई भी जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” नहीं करती है। यदि कोई व्यक्ति पुलिस, CBI, ED या किसी अन्य एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर डराने, धमकाने या पैसे की मांग करता है, तो तत्काल कॉल काट दें और किसी भी स्थिति में भुगतान न करें।
पुलिस ने लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल से संपर्क करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की गई राशि को रोकने और वापस प्राप्त करने की संभावना अधिक रहती है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस का संदेश—“सतर्क रहें, सुरक्षित रहें… फर्जी कॉल से डरें नहीं, तुरंत शिकायत करें।”


- चिरायु योजना से बदली सूर्या की जिंदगी, अब दौड़ने-खेलने लगा मासूम… - October 15, 2026
- 79 की उम्र में भी नहीं भूले अपना स्कूल, पूर्व छात्र ने भेंट किया लैपटॉप… - October 15, 2026
- सारंगढ़ में सुनियोजित विकास को मिलेगी रफ्तार, नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के लिए भवन आवंटित… - October 15, 2026
