सारंगढ़-बिलाईगढ़, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) कानून लागू करने की प्रक्रिया को लेकर राज्य शासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए राज्य स्तरीय समिति का गठन किया गया है, जो विभिन्न वर्गों और समाजों से सुझाव प्राप्त कर रही है। इसी क्रम में मुस्लिम समाज की ओर से UCC के संबंध में सुझावों को एकत्रित करने के लिए रायपुर में एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है।
यह जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड (कैबिनेट मंत्री दर्जा) के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने दी है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सुझावों को एक मंच पर एकत्र कर राज्य की समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

1 सितंबर को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम में होगा आयोजन
मुस्लिम समाज की यह महत्वपूर्ण बैठक 1 सितंबर 2026, मंगलवार को रायपुर के गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के सामने, कलेक्ट्रेट चौक में आयोजित की जाएगी। बैठक को लेकर रायपुर की समस्त मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान के माध्यम से भी लोगों को सूचना दी गई है, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में अपनी सहभागिता दर्ज करा सकें।
दो प्रतियों में लिखित सुझाव लाने की अपील
आयोजकों ने मुस्लिम समाज के लोगों से अपील की है कि समान नागरिक संहिता (UCC) के संबंध में अपने सुझाव लिखित रूप में तैयार कर “अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़” के नाम से संबोधित करते हुए दो प्रतियों में बैठक स्थल पर प्रस्तुत करें। इन सुझावों को एकत्रित कर व्यवस्थित रूप से समिति के समक्ष रखा जाएगा।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शहर काजी जनाब कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी साहब उपस्थित रहेंगे, जबकि बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता जनाब फैसल रिजवी साहब करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, मुस्लिम समाज द्वारा दिए गए सुझावों को बैठक के दौरान एकत्रित किया जाएगा। इसके बाद शाम 4 बजे समान नागरिक संहिता (UCC) समिति, छत्तीसगढ़ के माननीय सदस्यों के समक्ष उपस्थित होकर समाज के सुझावों को औपचारिक रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
यह बैठक छत्तीसगढ़ में UCC लागू करने की प्रक्रिया के बीच मुस्लिम समाज की भागीदारी और विचारों को सामने रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आयोजकों ने समाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने सुझाव प्रस्तुत करने की अपील की है।
- डिजिटल अरेस्ट से सावधान! पुलिस ने शुरू किया विशेष अभियान… - August 30, 2026
- बीएनएस 2023: बदला कानून, बदली सजा की तस्वीर! - August 30, 2026
- UCC पर मुस्लिम समाज की बड़ी बैठक 1 सितंबर को, रायपुर में जुटेंगे बुद्धिजीवी… - August 30, 2026
