सारंगढ़। दिव्यांगजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सारंगढ़ में विशेष सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार, 14 अक्टूबर को जिला अस्पताल सारंगढ़ के सभाकक्ष में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता एवं यूडीआईडी प्रमाणीकरण शिविर आयोजित हुआ। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 281 दिव्यांगजनों ने भाग लिया और एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्रीमती ज्योति पटेल ने पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने दिव्यांगजनों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। शिविर में दिव्यांगजनों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान समाज कल्याण विभाग की ओर से पात्र 15 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर, छड़ी, बैसाखी एवं श्रवण यंत्र सहित विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों, आवागमन और सामान्य जीवन के कार्यों में सहूलियत मिलेगी। इसके साथ ही 14 दिव्यांगजनों को निःशुल्क बस यात्रा के लिए परिवहन पास वितरित किए गए, जिससे उन्हें यात्रा करने में आर्थिक राहत मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग के जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाणीकरण और यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। मेडिकल बोर्ड के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन तथा प्रमाणपत्र संबंधी सुविधाएं प्रदान की गईं। इस दौरान 10 दिव्यांगजनों को मौके पर ही यूडीआईडी प्रमाणपत्र दिए गए। इससे पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होगी।
दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना से दो दंपतियों को मिला एक लाख रुपये का संबल
शिविर में दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत दो पात्र दंपतियों को 50-50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस तरह दोनों दंपतियों को कुल एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली। योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना तथा आर्थिक रूप से संबल प्रदान करना है।
कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। शिविर में सहायक उपकरणों का वितरण, परिवहन पास, यूडीआईडी प्रमाणीकरण और विवाह प्रोत्साहन राशि जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के श्री विनय तिवारी, जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. दीपक जायसवाल, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, दिव्यांगजन और उनके परिजन उपस्थित रहे।


- दिव्यांगजनों को मिली सौगात, सहायता उपकरणों से लेकर आर्थिक मदद तक का लाभ…सारंगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा विशेष शिविर, 281 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित… - October 14, 2026
- बरमकेला: 54 साल पुराने मां दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रतन शर्मा ने की पूजा-अर्चना… - October 14, 2026
- सारंगढ़ में कचरे के ढेर के पास मिलीं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, श्रद्धालुओं में नाराजगी… - October 14, 2026
