बरमकेला। बरमकेला से करीब एक किलोमीटर दूर दानव करवट पहाड़ की तलहटी में मुख्य मार्ग पर स्थित मां दुर्गा मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। लगभग 54 वर्ष पुराने इस मंदिर में नवरात्रि पर्व के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। यहां प्रतिदिन मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण राहगीर भी मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन करते हैं और आशीर्वाद लेकर अपनी यात्रा आगे बढ़ाते हैं।
मान्यता है कि मां दुर्गा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। इसी आस्था और विश्वास के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर सुबह से ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु पूजा की थाली, फूल-माला और प्रसाद लेकर माता के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर परिसर घंटियों की गूंज और माता के जयकारों से भक्तिमय बना हुआ है।
इसी क्रम में कैट के जिलाध्यक्ष रतन शर्मा ने आज चाटीपाली स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दुर्गा से जिलेवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और छत्तीसगढ़ के कल्याण की कामना की। नवरात्रि के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए रतन शर्मा द्वारा नौ दिनों तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों के श्रृंगार के लिए प्रतिदिन वस्त्र भेंट किए जा रहे हैं।
नवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा-अर्चना की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लगभग साढ़े पांच दशक से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक बना यह मंदिर नवरात्रि के दौरान भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उत्साह का केंद्र बना हुआ है। माता के जयकारों के बीच भक्त परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

- दिव्यांगजनों को मिली सौगात, सहायता उपकरणों से लेकर आर्थिक मदद तक का लाभ…सारंगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा विशेष शिविर, 281 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित… - October 14, 2026
- बरमकेला: 54 साल पुराने मां दुर्गा मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रतन शर्मा ने की पूजा-अर्चना… - October 14, 2026
- सारंगढ़ में कचरे के ढेर के पास मिलीं देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, श्रद्धालुओं में नाराजगी… - October 14, 2026
