सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की आड़ में महिलाओं के वित्तीय शोषण और धोखाधड़ी का एक और खौफनाक चेहरा सामने आया है। सरिया स्थित ‘भारत फाइनेंस इंक्लूजन लिमिटेड – इंडसइंड बैंक’ में पदस्थ फील्ड स्टाफ व रिकवरी अफसर दुर्गा प्रसाद चंद्रा 38 जरूरतमंद महिलाओं के पसीने की कमाई पर डाका डालकर रफूचक्कर हो गया। आरोपी ने लोन क्लोज कराने और किश्त जमा करने के नाम पर महिलाओं से कुल ₹10,51,878 एंठे, लेकिन रकम बैंक में जमा करने के बजाय डकार गया।
बैंक के शाखा प्रबंधक अमिताभ यादव द्वारा सरिया थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी दुर्गा प्रसाद चंद्रा दिसंबर 2023 से सितंबर 2025 तक कलेक्शन व रिकवरी अफसर के पद पर कार्यरत था। उसकी मुख्य जिम्मेदारी महिला हितग्राहियों से किश्त एकत्र कर बैंक में जमा कराना था। इसी दौरान आरोपी ने 38 महिलाओं से नकद और फोन-पे (UPI) के जरिए कुल ₹10.51 लाख से अधिक की वसूली की। जालसाजी का खुलासा तब हुआ जब आरोपी 8 सितंबर 2025 को बिना किसी सूचना के नौकरी छोड़कर रातों-रात गायब हो गया।
शाखा प्रबंधक की लिखित शिकायत पर सरिया पुलिस ने आरोपी दुर्गा प्रसाद चंद्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(5) एवं 61(2) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के नाम पर बांटे जा रहे छोटे ऋण अब उनके लिए गले की फांस बनते जा रहे हैं। सरिया का यह ताजा मामला केवल एक रिकवरी अफसर की धोखाधड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस पूरे ‘लोन सिंडिकेट’ की कलई खोलता है जहां कम पढ़ी-लिखी और कमजोर आर्थिक स्थिति वाली महिलाओं को कर्ज के चक्रव्यूह में फंसाया जाता है। पूर्व में भी जिले में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों और महिला समूहों के नाम पर करोड़ों के फर्जीवाड़े सामने आ चुके हैं, लेकिन व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही।
सरिया की यह घटना वित्तीय तंत्र के मुंह पर जोरदार तमाचा है। अब देखना यह होगा कि सरिया पुलिस कितनी तत्परता से आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाकर ठगी गई राशि बरामद करती है। वहीं, सबसे बड़ा सवाल इंडसइंड बैंक के प्रबंधन पर खड़ा होता है कि क्या वे उन 38 पीड़ित महिलाओं के खातों को राहत देंगे, जिन्होंने बैंक के अधिकृत प्रतिनिधि पर भरोसा करके अपने खून-पसीने की कमाई सौंपी थी?


- थाना प्रभारी प्रमोद यादव की पुलिसिंग का दमदार असर, मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश,8 बाइक बरामद… - October 14, 2026
- राष्ट्रीय महासचिव लखन दास जी की कार्यशैली से प्रभावित होकर दिग्गज समाजसेवी रामरंग वैष्णव एवं पूर्व एसडीओपी सविता दास छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा में शामिल…अन्य संगठन के अध्यक्ष पद के दोनों मजबूत दावेदारों ने थामा महासभा का दामन…वैष्णव समाज और जनसेवा के लिए केवल 5811 ही सच्चा मंच – रामरंग - October 14, 2026
- दिव्यांगजनों को मिली सौगात, सहायता उपकरणों से लेकर आर्थिक मदद तक का लाभ…सारंगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा विशेष शिविर, 281 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित… - October 14, 2026
