सारंगढ़। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं जनहितकारी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडे एवं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने चैंबर के पदाधिकारियों को सम्मानित किया।
चैंबर ऑफ कॉमर्स द्वारा सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए लंबे समय से विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इनमें जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर, यातायात माह के दौरान निःशुल्क हेलमेट वितरण, निःसंतान दंपतियों के लिए निःशुल्क जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान तथा व्यापारियों को सिक्का वितरण जैसे कार्य प्रमुख हैं।
इसके साथ ही गरीब बस्तियों एवं आदिवासी क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को कंबल वितरण कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की गई। चैंबर द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर चैंबर को मिला यह सम्मान उसके सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों को प्रोत्साहित करने वाला है। सम्मान समारोह के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र केजरीवाल, जिला अध्यक्ष संगीत सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष घनश्याम बंसल, विकास थवाईत एवं नत्थुलाल केडिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

- ग्राम विकास में अब विज्ञान और सहभागिता का जोर… - October 1, 2026
- सियान के संगवारी में बुजुर्गों संग बच्चों की सजी अनोखी चौपाल… - October 1, 2026
- सियान बोझ नहीं, समाज की जड़ हैं… सम्मान और सहारे की जरूरत… - October 1, 2026
