सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी विद्यालय परिसरों में देशभक्ति के साथ साक्षरता जनजागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षा एवं साक्षरता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा। इसमें शाला परिवार के साथ ग्रामीणों और स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा रैली एवं उल्लास महाचौपाल जनजागरूकता रैली से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों और सहभागियों ने क्षेत्र में भ्रमण करते हुए देशभक्ति, शिक्षा और साक्षरता का संदेश दिया। ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए अधिक से अधिक लोगों को साक्षरता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। जन-जन तक शिक्षा का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से आकर्षक दीवार लेखन भी किया गया।
ग्रामीणों और माताओं को साक्षरता अभियान से जोड़ने के लिए हल्दी-चावल का पारंपरिक न्योता देकर उन्हें अभियान में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य साक्षरता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना और समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

शिक्षकों और ग्रामवासियों ने बढ़ाया उत्साह
अभियान में शिक्षकों, संकुल समन्वयकों, संकुल प्राचार्यों एवं कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, क्षेत्र की माताओं, स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं तथा हाल ही में नवसाक्षर हुए लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा और जागरूकता का संदेश दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने का सशक्त माध्यम है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा से जोड़ना सामूहिक जिम्मेदारी है।
टॉर्च रैली ने दिया अनूठा संदेश
शाम के समय विशेष टॉर्च रैली यानी मशाल रैली निकाली गई। अंधेरे को चीरती टॉर्च की रोशनी के माध्यम से शिक्षा को अज्ञानता के अंधकार को दूर करने का प्रभावी माध्यम बताया गया। रैली में शामिल लोगों ने साक्षरता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति लोगों को प्रेरित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इन गतिविधियों ने राष्ट्रप्रेम के साथ शिक्षा और साक्षरता के महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
- सारंगढ़:सामाजिक सरोकारों में उत्कृष्ट योगदान के लिए चैंबर ऑफ कॉमर्स सम्मानित… - August 16, 2026
- स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा साक्षरता का संदेश… - August 16, 2026
- छत्तीसगढ़ के मकान निर्माण के दौरान मिला स्वर्ण रंग का धातु अवशेष, पुरातात्त्विक खोज की चर्चाएं तेज.. - August 16, 2026
