रायगढ़, 09 अगस्त 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस द्वारा होटल-ढाबों की निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम रायगढ़-पूंजीपथरा मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग कर होटल एवं ढाबों की जांच कर रही है। इसी दौरान 08 अगस्त को ग्राम लाखा स्थित राज फैमिली ढाबा के बाहर सड़क किनारे अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की।
पुलिस ने ढाबा संचालक लवली मखीजा पिता किशोर कुमार मखीजा, उम्र 40 वर्ष, निवासी सिंधी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 22, थाना चक्रधरनगर, रायगढ़ को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 21 पाव रोमियो देसी प्लेन शराब, 09 पाव गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब तथा बिक्री की रकम 800 रुपये बरामद की गई। कुल 5.400 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 3,470 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
महिला समूह की सजगता से 10 लीटर महुआ शराब पकड़ी
इधर, थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में भी अवैध शराब के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों और महिला समूहों को अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 09 अगस्त की सुबह ग्राम सूरजगढ़ में सखी महिला समूह के सदस्यों को सलेन्द्री यादव पति स्व. शोभानाथ यादव, उम्र 55 वर्ष, के घर में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। महिला समूह की अध्यक्ष एवं सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर घर की तलाशी ली। इस दौरान प्लास्टिक बोरी के अंदर सफेद पन्नी में भरी करीब 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई।
महिला समूह के सदस्यों ने शराब और संबंधित महिला को थाना पुसौर लाकर पुलिस के सुपुर्द किया। पुलिस ने सलेन्द्री यादव निवासी सूरजगढ़ के कब्जे से करीब 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग 1,000 रुपये है, जब्त की। आरोपी के विरुद्ध भी धारा 34(2), 59-क आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
रायगढ़ पुलिस की इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ ग्रामीणों और महिला समूहों की सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि आम नागरिक बिना किसी भय के अवैध शराब निर्माण और बिक्री की सूचना पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि जिले में इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


- सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ ने दूसरे दिन पकड़ी रफ्तार, कमाए इतने करोड़… - September 27, 2026
- पेंशनर्स के लिए सरकार का बड़ा तोहफा: सरकार ला रही है धांसू योजना, 1 अक्टूबर से बदल जाएंगे सारे नियम… - September 27, 2026
- भारत-वेस्टइंडीज समेत आज 3 वनडे मैच; कब, कहां और कैसे देखें लाइव? टाइमिंग नोट कर लीजिए… - September 27, 2026
