रायगढ़, 9 अगस्त। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत तमनार पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
मामला 20 अप्रैल 2026 का है, जब तमनार पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक OR-15-T-7372 में 60 किलो गांजा परिवहन करते पकड़ा था। पुलिस ने गांजा, कार और दो मोबाइल सहित करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था।
पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल नंबर के माध्यम से ओडिशा से गांजा प्राप्त करने की जानकारी दी। इसके बाद एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ी तक पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस ने तकनीकी जांच और पतासाजी के आधार पर मुख्य सप्लायर की पहचान शंकर मेहर, निवासी गुण्डीपदर, जिला बौद्ध, ओडिशा के रूप में की।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने निवास से फरार हो गया था। तमनार पुलिस ने लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखते हुए उसकी तलाश जारी रखी। इसी दौरान सूचना मिली कि शंकर मेहर अपने गांव में मौजूद है। सूचना पर तमनार पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसके निवास पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार वह तस्करी के दौरान अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और गांजा लेने वालों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर सौदा करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी पहचान भी बदलकर बताता था। अप्रैल में पकड़े गए आरोपियों के सामने उसने अपना नाम कमल मेहर बताया था।
पुलिस ने आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देकर थाना तमनार अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत शंकर मेहर पिता नित्यानंद मेहर, उम्र 30 वर्ष, निवासी गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध (ओडिशा) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने अप्रैल में हुई 60 किलो गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाते हुए तस्करी नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी को तोड़ने में सफलता हासिल की है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय एवं आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का दो टूक संदेश—नशे के पूरे नेटवर्क पर होगा प्रहार
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
- टॉफी-बिस्किट का लालच देकर 7 साल की बच्ची को खेत में ले गया रिश्तेदार, चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण. फिर जो हुआ, कांप उठे लोग… - September 27, 2026
- छत्तीसगढ़ में E-KYC नहीं होने पर कटेगा राशन, हजारों कार्ड धारकों पर मंडरा रहा संकट, 3 दिन का मिला है अल्टीमेटम… - September 27, 2026
- सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’ ने दूसरे दिन पकड़ी रफ्तार, कमाए इतने करोड़… - September 27, 2026
