सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़ तहसील के ग्रामीण क्षेत्र स्थित प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास, छिन्द में विश्व आदिवासी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्रावास की बालिकाओं एवं अधीक्षिका द्वारा परिसर में वृक्षारोपण किया गया।
अधीक्षिका की निरंतर पहल से छात्रावास परिसर को सुंदर गार्डन और किचन गार्डन के रूप में विकसित किया गया है। परिसर में अमरूद, सीताफल, आम, आंवला, नींबू, संतरा, केला, पपीता सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए हैं। वहीं मुनगा, भिंडी, लौकी, करेला जैसी सब्जियों की भी खेती की जा रही है। गुलाब, मंदार, कनेर सहित विभिन्न रंग-बिरंगे फूल और शो-पौधे परिसर की सुंदरता बढ़ा रहे हैं।

पढ़ाई में भी छात्रावास की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
छात्रावास की बालिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। यहां कक्षा 6वीं से अध्ययनरत छात्रा कु. सृष्टि कोसले ने कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर छात्रावास का नाम रोशन किया। वहीं इस वर्ष कक्षा 8वीं की 12 बालिकाओं ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।
इनमें कु. दिव्या कोसले ने सर्वाधिक 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें सर्वसम्मति से निर्विरोध छात्रा नायक चुना गया। छात्रावास की सभी बालिकाओं एवं अधीक्षिका ने दिव्या कोसले को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रोजेक्टर, कंप्यूटर और टीवी की सुविधा
छात्रावास में बालिकाओं की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए प्रोजेक्टर के माध्यम से अध्ययन कराया जाता है। मनोरंजन के लिए टीवी तथा कंप्यूटर शिक्षा के लिए कंप्यूटर की सुविधा भी उपलब्ध है। सुव्यवस्थित वातावरण और बेहतर शैक्षणिक माहौल के चलते दूरदराज क्षेत्रों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी बालिकाएं यहां प्रवेश लेकर अध्ययन कर रही हैं।
अधीक्षिका की पहल से छात्रावास में अनुशासन, स्वच्छता, हरियाली और पढ़ाई का बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़े वर्ग की बालिकाओं के हित में किए जा रहे प्रयास उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
छात्रावास का विकसित और सुंदर वातावरण अब जिले में एक आदर्श कन्या छात्रावास के रूप में पहचान बना रहा है। आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संस्था की बालिकाएं शिक्षा और विकास के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।
- ‘एक पेड़ अडानी के नाम’ लगाकर रमेश खूंटे ने खोला मोर्चा..जल-जंगल-जमीन की बलि देकर वन महोत्सव का पाखंड कर रही सरकार- रमेश खूंटे - August 9, 2026
- सारंगढ़ में विकास की सौगात देंगे प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, 10-11 अगस्त को जिले में रहेंगे… - August 9, 2026
- शराब तस्करों पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा, ढाबे से अवैध शराब जब्त… - August 9, 2026




