सारंगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी परिसर में जिला स्तरीय महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। अब तक 190 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है।
शिविर में नेत्र एवं दंत परीक्षण के साथ मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, बीपी-शुगर जांच, डिजिटल एक्स-रे, टीकाकरण, HPV वैक्सीन, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा अंगदान एवं रक्तदान पंजीयन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया। वहीं कुष्ठ रोगियों को MCR चप्पल एवं सेल्फ केयर किट तथा टीबी मरीजों को पोषण आहार का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने सरकारी योजनाओं से अपने जीवन में आए बदलाव की कहानियां भी साझा कीं। कुसुम बसंत ने बताया कि उन्होंने महिला कोष से मिले एक लाख रुपये के ऋण से टेलरिंग का काम शुरू किया। वहीं महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि की बचत कर अपनी बेटी हेमा बसंत को मार्शल आर्ट अकादमी में प्रवेश दिलाया। हेमा ने कड़ी मेहनत करते हुए दो राष्ट्रीय और एक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किया है।
इसी तरह संजना साहू ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना की सात माह की राशि का उपयोग कर कपड़ा व्यवसाय शुरू किया। अब वह स्कूटी से गांव-गांव जाकर कपड़ों की बिक्री कर अपनी आजीविका चला रही हैं। कौशल्या ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से रेडी-टू-ईट एवं टीकाकरण जैसी सुविधाएं मिलती हैं और महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग वह अपने बच्चे के पोषण में करती हैं।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं की सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुभाष जालान, नगर अध्यक्ष कुलदीपक साहू, उपाध्यक्ष नंदू साहू, पूर्व नगराध्यक्ष रामनारायण देवांगन, बीएमओ डॉ. शशिकुमार जायसवाल, डॉ. कविता बंजारे, डीपीएम दीपक धार, सीएमओ मजीद खान सहित स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।


- अखंड राम सप्ताह नाम यज्ञ में शामिल हुईं जिपं सदस्य डॉ. अभिलाषा नायक, ग्रामीणों के साथ किया राम नाम जाप… - September 26, 2026
- पवनी में सेवा संकल्प का असर, 190 से ज्यादा लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच… - September 26, 2026
- कनकबीरा चौकी के नवीन भवन को संवारने वाले प्रभारी टीकाराम खटकर का सरिया तबादला..उद्घाटन का नहीं मिला अवसर, पर जनता के दिलों में बनाई अमिट पहचान.. - September 26, 2026
